-आरोपी से तमंचा, कारतूस और लूटी गई पाजेब बरामद
फिरोजाबाद। थाना दक्षिण पुलिस ने लूट की वारदात में वांछित चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके कब्जे से लूटी गई एक जोड़ी पाजेब, 315 बोर का तमंचा, कारतूस बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार थाना दक्षिण क्षेत्र में छह अगस्त की मध्यरात्रि करीब एक बजे बरामदे में सो रही महिला पर जानलेवा हमला कर पाजेब लूटने की घटना हुई थी। पीड़िता के मुताबिक, पड़ोसी से विवाद के बाद आरोपी ने उसकी मां के मुंह और छाती पर सिलवट्टे से हमला किया और पाजेब छीन ली थी। मामले में थाना दक्षिण पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ अन्य साक्ष्य जुटाए। इसी दौरान आठ अगस्त को पुलिस को सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित आरोपी रामजीत टीएल तिराहा स्थित बाउंड्री प्लॉट के पास किसी वारदात की फिराक में खड़ा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी रामजीत के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामजीत पुत्र घनश्याम निवासी बिजलीघर, झील की पुलिया, गली नंबर दो, न्यू रामगढ़, थाना उत्तर, फिरोजाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ फिरोजाबाद के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के कब्जे से एक जोड़ी पाजेब, 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। कार्रवाई में थाना दक्षिण प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र पाल सिंह, उपनिरीक्षक सिंह राज सिंह, सोनू भाटी, रजत तोमर तथा कांस्टेबल गजेंद्र कुमार, अनुज कुमार और ओमकार शामिल रहे।








