-15 जनवरी तक व्यापारी उठा सकेंगे योजना का लाभ, राज्य कर विभाग ने दी जानकारी
फिरोजाबाद। प्रदेश सरकार की ब्याज माफी योजना के तहत व्यापारियों को बकाया कर पर ब्याज और अर्थदंड में बड़ी राहत मिलेगी। दबरई स्थित राज्य कर विभाग की बैठक में उपायुक्त असित कुमार सिंह ने बताया कि दस लाख रुपये तक के मूल बकाये पर पूरा ब्याज और अर्थदंड माफ किया जाएगा। योजना का लाभ 15 जनवरी 2027 तक लिया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि 31 दिसंबर 2025 तक सृजित बकाये पर यह योजना लागू होगी। इसके तहत बिक्री कर, केंद्रीय बिक्री कर, व्यापार कर, प्रवेश कर और वैट समेत विभिन्न अधिनियमों के बकाये शामिल हैं। लाभ लेने के लिए मूल बकाया जमा करना अनिवार्य होगा। दस लाख से एक करोड़ तक 90 प्रतिशत, एक से पांच करोड़ तक 75 प्रतिशत और पांच करोड़ से अधिक के बकाये पर 50 प्रतिशत ब्याज की छूट मिलेगी। बैठक में सहायक आयुक्त राधा स्वामी, शेखर चौरसिया, अजय बहादुर कायस्थ, पुनीत कुमार द्विवेदी सहित व्यापारी संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।








