फिरोजाबाद। आगरा से शिकोहाबाद लौट रहा सवारियों से भरा ऑटो मंगलवार दोपहर टूंडला ओवरब्रिज के पास सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में पीछे से जा घुसा। हादसे में ऑटो चालक समेत सात लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सरकारी ट्रामा सेंटर भेजा।
थाना नारखी क्षेत्र के जाखई निवासी वकील मंगलवार को अपनी पत्नी आसमा और रिश्तेदारों के साथ आगरा गए थे। उनकी सास समीना आगरा के एक अस्पताल में भर्ती हैं। सास को देखने के बाद वकील ऑटो से पत्नी और रिश्तेदार बबली व रेशमा निवासी हिम्मतपुर पचोखरा, मदीना, सलमा और परवीन निवासी लाखूमई, शिकोहाबाद के साथ वापस लौट रहे थे। दोपहर करीब सवा तीन बजे ऑटो टूंडला ओवरब्रिज के पास पहुंचा। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी रोडवेज बस में ऑटो पीछे से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से सरकारी ट्रामा सेंटर भिजवाया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ऑटो को सड़क से हटवाकर किनारे करा दिया। इंस्पेक्टर बैजनाथ सिंह ने बताया कि ऑटो खड़ी बस में पीछे से टकराया था। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।








