फिरोजाबाद: 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन का मिलेगा मौका

-21, 22, 28 व 29 नवंबर को लगेंगे विशेष कैंप

फिरोजाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) के तहत मंगलवार को जनपद की आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया। इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आलेख्य मतदाता सूची की प्रतियां उपलब्ध कराई गईं।

जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस दौरान फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के नाम जोड़े जाएंगे, फॉर्म-7 से अपात्र अथवा मृतक मतदाताओं के नाम हटाने तथा फॉर्म-8 के माध्यम से मतदाता सूची में दर्ज विवरणों में संशोधन कराया जा सकेगा। इसके लिए 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर को सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाना है। विशेष रूप से एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना प्राथमिकता है।

उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) की नियुक्ति शीघ्र करें। जिन मतदान केंद्रों पर पोलिंग स्टेशन बढ़े हैं, वहां बीएलए और बीएलओ की संयुक्त बैठकें भी आयोजित की जाएंगी। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी मतदाता सूचियां एवं संबंधित फॉर्म सीईओ पोर्टल पर प्रतिदिन उपलब्ध रहेंगे। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक मतदाता सूची की प्रविष्टियों की बारीकी से जांच करनी होगी, ताकि किसी भी त्रुटि को समय रहते सुधारा जा सके। मतदाताओं की सुविधा के लिए प्रत्येक बूथ पर पदाभिहित अधिकारी की तैनाती की जाएगी, ताकि बीएलओ के अनुपस्थित रहने पर भी मतदाताओं को फॉर्म जमा करने में परेशानी न हो।

मतदाता अपनी शिकायत, समस्या अथवा सुझाव निर्वाचन आयोग के टोल फ्री नंबर 1950 पर दर्ज करा सकते हैं। इस नंबर पर संपर्क करते समय जिले का एसटीडी कोड लगाना होगा। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, जिला उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, रामनरेश कटारा, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष नदीम सिद्दीकी, बसपा जिलाध्यक्ष यादवेंद्र सिंह, आगरा मंडल जोन प्रभारी अखिलेश कुमार, सपा के डॉ. विजय आर्य, कांग्रेस जिला महासचिव शैलेंद्र कुमार, अजय प्रताप सिंह सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

 

ravikumar
ravikumar
Articles: 221

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *