-डायरिया से डर नहीं कार्यक्रम के तहत आयोजित हुई कार्यशाला
फ़िरोज़ाबाद। केमिस्ट एसोसिएशन ने डायरिया से शून्य से पांच साल तक के बच्चों को सुरक्षित बनाने में बड़ी भूमिका निभाने का संकल्प लिया है। इसके लिए एसोसिएशन खासकर डायरिया के प्रति जागरूकता पर जोर देगा और मेडिकल स्टोर पर आने वालों को डायरिया के बारे में जानकारी देने के साथ ही उससे बचाव व रोकथाम के उपायों के बारे में भी बताएगा। उचित उपचार के लिए चिकित्सक के पास जाने की सलाह भी देगा।
पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से जनपद में चल रहे ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम में पीएसआई इंडिया की कोमल घई ने बताया कि यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के 13 और बिहार के तीन जनपदों में चलाया जा रहा है, जिसमें शून्य से पांच साल तक के बच्चों की डायरिया के कारण होने वाली मृत्यु दर को शून्य करना और दस्त प्रबंधन को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि डायरिया नियंत्रण और रोकथाम में केमिस्ट बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
केमिस्ट एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पंकज दत्त बंसल ने कार्यक्रम को सफल बनाने में हरसम्भव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि समुदाय में डायरिया को लेकर आज भी भ्रांतियां व्याप्त हैं, जिनको दूर करना बहुत जरूरी है। इसमें वह भरपूर सहयोग करेंगे। महामंत्री संजय कुमार ने केमिस्ट एसोसिएशन के सदस्यों की डायरिया पर पीएसआई इंडिया द्वारा कराई जा रही कार्यशाला की सराहना की एवं आश्वासन दिया कि आगे भी वह ऐसे आयोजनों में सहयोग करेंगे। कार्यशाला में केमिस्ट एसोसिएशन के सदस्यों के साथ ही पीएसआई इंडिया से राजेश कुमार प्रजापति, कैफुल हसन आदि उपस्थित रहे।







