शिकोहाबाद। एटा रोड पंचविहार कालोनी में सोमवार शाम सात बजे एक किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में विषाक्त पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में स्वजन उसे उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय लाए, जहां चिकित्सक ने उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। जहां उपचार के दौरान उसकी रात नौ बजे मौत हो गई। एटा रोड स्थित पंचविहार कालोनी रहचटी निवासी राजपाल की 17 वर्षीय पुत्री अभिलाषा ने सोमवार शाम घर में विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिवारीजन को घटना की जानकारी हुई, जिस पर पिता उसे इलाज के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय ले कर आए। यहां किशोरी की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सक ने उसे मेडिकल कालेज रेफर कर दिया, जहां रात नौ बजे उसे चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। किशोरी की मौत की खबर लगते ही परिवार में कोहराम मच गया। इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भर कार्रवाई की जा रही है और घटना के सही कारणों की पड़ताल के लिए सभी पहलुओं से जांच जारी है।







