फिरोजाबाद: अंतरराज्यीय चरस तस्कर गिरफ्तार, 13 किलो चरस बरामद

फिरोजाबाद। पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक अंतरराज्यीय चरस तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 13.198 किलोग्राम अवैध चरस बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई एसओजी, सर्विलांस और थाना मक्खनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने की।

एसएसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक क्राइम राजेश गुनावत व क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर बिल्टीगढ रोड, मक्खनपुर स्थित कब्रिस्तान के पास से आरोपी को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी की पहचान विजय पुत्र रामाधार, निवासी ग्राम गोनाहा चौनपुर, थाना रक्सौल, जनपद मोतिहारी बिहार के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह नेपाल और बिहार के रास्ते सस्ते दामों में चरस खरीदकर लाता था। वह इसे बैग में छिपाकर फिरोजाबाद और आसपास के क्षेत्रों में 4 से 5 गुना महंगे दामों पर बेचता था, जिससे युवा नशे की गिरफ्त में आ रहे थे।

पुलिस ने आरोपी के पास से कुल 13.198 किलोग्राम चरस बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 3 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसके अतिरिक्त, उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और 1,200 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। थाना मक्खनपुर में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य साथियों तथा पूरे गिरोह की तलाश में जुट गई है। इस दौरान एसओजी प्रभारी प्रेमशंकर पाण्डेय, सर्विलांस प्रभारी मुकेश कुमार, थानाध्यक्ष मक्खनपुर चमन कुमार शर्मा और उनकी टीम के मुख्य आरक्षी व आरक्षी शामिल रहे।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 14

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *