फिरोजाबाद। भारतीय रिजर्व बैंक के जमाकर्ता शिक्षा एवं जागरूकता निधि के अंतर्गत नारी जागरण सेवा संस्थान द्वारा ग्राम वासुदेवपुर में वित्तीय साक्षरता एवं बैंकिंग जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को बचत की आदत, बैंकिंग उत्पादों, जमाकर्ताओं के अधिकार, डिजिटल भुगतान, साइबर धोखाधड़ी से बचाव तथा सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार के विषय में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में इंडियन बैंक के राजेश्वर सिंह ने कहा कि बैंक केवल धन जमा करने का माध्यम नहीं, बल्कि प्रत्येक परिवार की आर्थिक सुरक्षा का आधार है। उन्होंने ग्रामीणों से नियमित बचत करने, बैंकिंग सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने तथा किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी, एटीएम पिन अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की अपील की। ग्राम प्रधान श्रीपतीलाल ने सभी ग्रामीणों से बैंकिंग सेवाओं को अपनाने और सुरक्षित डिजिटल लेनदेन करने का आग्रह किया।
मुख्य वक्ता सत्य सिंह ने साइबर धोखाधड़ी के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि थोड़ी-सी सावधानी से बड़ी आर्थिक हानि से बचा जा सकता है। अंकित शर्मा ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो उसे तुरंत बैंक और संबंधित हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। नारी जागरण सेवा संस्थान के सचिव कौशल किशोर शर्मा ने कहा कि संस्थान ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। कार्यक्रम में सुभाष, दिलशाद, बहादुर सिंह, नथीलाल, जयवीर सिंह आदि मौजूद रहे।







