-कूल्हे से जुड़ी समस्याओं से पीड़ित मरीजों को अब नहीं जाना होगा बड़े शहरों में
फिरोजाबाद। चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में शिकोहाबाद शहर ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। एफ.एस. हॉस्पिटल, शिकोहाबाद में पहली बार टोटल हिप रिप्लेसमेंट (पूर्ण हिप प्रत्यारोपण) की जटिल सर्जरी सफलता पूर्वक की गई।
हॉस्पीटल अधीक्षक वरिष्ठ सर्जन डॉ. अनिल यादव की देखरेख में हड्डी रोग विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. शुभम भगत एवं उनकी टीम ने ऑपरेशन को सफलता पूर्वक अंजाम दिया। सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति संतोषजनक बताई गई है। टोटल हिप रिप्लेसमेंट हड्डी एवं जोड़ से संबंधित गंभीर समस्याओं के उपचार की आधुनिक एवं जटिल सर्जिकल प्रक्रिया है। शिकोहाबाद में पहली बार इस प्रकार की सर्जरी का सफल होना स्थानीय चिकित्सा सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे अब कूल्हे से जुड़ी गंभीर समस्याओं से पीड़ित मरीजों को उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी और उन्हें आधुनिक उपचार की सुविधा स्थानीय स्तर पर ही मिल सकेगी।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, मरीजों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए एफएस हॉस्पीटल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम के साथ आधुनिक चिकित्सा तकनीक एवं आवश्यक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड एवं सीटी स्कैन की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही है। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाना संस्थान की प्राथमिकता है। एफ.एस. हॉस्पीटल में हुआ यह पहला सफल टोटल हिप रिप्लेसमेंट इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इ
स महत्वपूर्ण उपलब्धि पर कुलाधिपति डॉ. दिलीप यादव, प्रतिकुलाधिपति डॉ. योगेश यादव, ट्रस्टी डॉ. राहुल यादव एवं डॉ. नितिन यादव, कुलपति डॉ. संजीव भारद्वाज तथा महानिदेशक डॉ. अभिनव श्रीवास्तव ने डॉ. शुभम भगत एवं उनकी पूरी टीम को बधाई दी और उनके प्रयासों की सराहना की।








