फिरोजाबाद: ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड अथवा बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा न करें-अंकित शर्मा

-गांधी नगर, मक्खनपुर में बैंकिंग एवं साइबर सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम हुआ सम्पन्न

फिरोजाबाद। नारी जागरण सेवा संस्थान द्वारा वित्तीय साक्षरता, सुरक्षित बैंकिंग एवं साइबर सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम गांधी नगर, मक्खनपुर में किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों को बचत, बैंकिंग सेवाओं, बैंकिंग उत्पादों, जमाकर्ताओं के अधिकार, सुरक्षित डिजिटल लेनदेन तथा साइबर धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में जानकारी दी गई।

संस्थान के अंकित शर्मा ने नागरिकों को जमाकर्ताओं के अधिकार, बैंकिंग सेवाओं तथा बैंकिंग शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने बैंक खाते और जमा धन से संबंधित अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड अथवा बैंक खाते की गोपनीय जानकारी साझा न करने की अपील की। हृदय मोहन जैन ने कहा कि छोटी-छोटी बचत भी भविष्य में बड़ी जरूरतों के समय महत्वपूर्ण सहारा बन सकती है।

उन्होंने लोगों को अपनी आय के अनुसार बचत करने और सुरक्षित बैंकिंग माध्यमों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। गौरव सिंह ने नागरिकों से संदिग्ध फोन कॉल, संदेश और लिंक से सावधान रहने तथा केवल अधिकृत माध्यमों से ही बैंकिंग सेवाओं का उपयोग करने की अपील की। सचिव कौशल किशोर शर्मा ने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक के सहयोग से लगातार विभिन्न क्षेत्रों में वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को बैंकिंग सेवाओं, बचत, डिजिटल जागरूकता और साइबर धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान प्रेमशंकर, मालती देवी, प्रिया, दिलशाद, शम्सुद्दीन, राजेश राज आदि मौजूद रहे।

 

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 261

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *