शिकोहाबाद। नसीरपुर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में वांछित चल रहे 15 हजार के इनामिया को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा है।
प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस टीम व नसीरपुर पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए एनडीपीएस एक्ट में वांछित चल रहे आरोपित को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उन्होंने बताया कि अनुज लोधी निवासी ढोलना जिला कासगंज को गस्वा ढोलना के पास हयातगढ़ी मछली तालाब थाना ढोलना कासगंज से गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जिला जेल भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि अनुज कुमार निवासी कस्बा व थाना ढोलना जिला कासगंज अपने साथी पन्नालाल व नरेन्द्र नाई के साथ ट्रक में छिपा कर तीन क्विंटल 69 किलो गांजा उड़ीसा से लाए थे । जिन्हें दो जुलाई को मुखबिर खास की सूचना पर नगला गूंज करनपुर अन्डर पास आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे से पन्नालाल लोधी को अवैध गांजा सहित गिरफ्तार किया गया था। जबकि आरोपित अनुज कुमार मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के गांव में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया है।








