-पैर में गोली लगने से हुआ घायल, आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस, मोबाइल, कपड़े और लोडर टिर्री बरामद
फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान में नग्न अवस्था में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने युवक के साथ कुकर्म का प्रयास करने और विरोध करने पर ईंट से सिर पर वार कर उसकी हत्या करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के मुताबिक, 23 अगस्त को नगला गुलरिया स्थित एक निर्माणाधीन मकान के अंदर नग्न अवस्था में अज्ञात युवक का शव मिला था। बाद में उसकी पहचान कमल निवासी नगला केसरी, थाना एत्मादपुर, आगरा के रूप में हुई। मृतक के परिजन की तहरीर पर थाना रामगढ़ में आकाश पुत्र श्याम सिंह निवासी नगला गुलरिया के खिलाफ हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। सोमवार को रामगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सांती रोड के आसपास छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो कारतूस, मृतक का रियलमी मोबाइल फोन, उसके कपड़े और घटना में प्रयुक्त लोडर टिर्री बरामद हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 22/23 अगस्त की रात कमल ने उससे नगला गुलरिया तक जाने के लिए लिफ्ट मांगी थी। वहां पहुंचने के बाद उसने कमल के साथ कुकर्म करने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपी ने उसके सिर में ईंट मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी शव को नग्न अवस्था में छोड़कर मौके से फरार हो गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार दुबे समेत थाना रामगढ़ पुलिस के उपनिरीक्षक और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।








