-परिवार में मचा कोहराम, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा
फिरोजाबाद। थाना नसीरपुर क्षेत्र के गांव नसीरपुर निवासी एक प्राइवेट लाइनमैन का शव तीन दिन बाद यमुना नदी में एक टापू पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार नसीरपुर निवासी रामनरेश पुत्र नाथूराम बिजली विभाग में प्राइवेट लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। बताया गया है कि करीब तीन दिन पूर्व वह किसी बात को लेकर घर से निकल गए थे। इसके बाद वह बटेश्वर रोड स्थित यमुना नदी के नौरंगी घाट पुल पर पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी बाइक पुल पर खड़ी कर दी और चप्पल छोड़ने के बाद यमुना नदी में छलांग लगा दी।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं ग्रामीणों की भारी भीड़ भी यमुना पुल पर जमा हो गई और कुछ लोगों ने जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना पर आगरा जनपद के थाना बाह की पुलिस और नसीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी सिरसागंज चंचल त्यागी और तहसीलदार शिकोहाबाद भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद यमुना नदी में रामनरेश की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कराया गया। एसडीआरएफ की टीम ने भी नदी में लगातार खोजबीन की।
घटना के तीन दिन बाद उरावर-मड़वा क्षेत्र के पास यमुना नदी में बने एक टापू पर एक शव पड़ा दिखाई दिया। सूचना मिलने पर पुलिस और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शव की पहचान कराई गई तो ग्रामीणों और परिजनों ने उसकी शिनाख्त रामनरेश के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय फिरोजाबाद भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य पप्पू यादव, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विजय यादव, गुलशन यादव सहित क्षेत्र के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।






