फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ पुलिस ने शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज 125 मुकदमों से संबंधित बरामद अवैध हथियारों और कारतूसों का न्यायालय के आदेश पर विनष्टीकरण कराया। कार्रवाई के दौरान हथियारों को नष्ट कराने के साथ वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई।
पुलिस के अनुसार 125 मुकदमों से संबंधित माल में 58 चाकू, 67 तमंचे, 69 जिंदा कारतूस और 13 खोखा कारतूस 315 बोर तथा 21 जिंदा और छह खोखा कारतूस 12 बोर शामिल थे। न्यायालय सिविल जज (सीडी)/एफटीसी/एसीजेएम फिरोजाबाद के 11 अगस्त 2026 के आदेश के अनुपालन में शनिवार को माल का विनष्टीकरण कराया गया।
इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय, क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार सिंह, रामगढ़ प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार दुबे, निरीक्षक अपराध शमीम और हेड मोहर्रिर उमेश चंद्र मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालय के आदेश के अनुसार बरामद अवैध शस्त्रों का नियमानुसार निस्तारण किया गया।








