फिरोजाबाद: मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस छात्रों का धरना, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

-गर्ल्स हॉस्टल में पुरुष सुरक्षा गार्डों के प्रवेश और चेकिंग का आरोप
-इंडक्शन चूल्हे जब्त करने को लेकर भी छात्रों में नाराजगी

फिरोजाबाद। जलेसर रोड स्थित स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में मंगलवार को एमबीबीएस छात्र-छात्राओं ने पढ़ाई बंद कर धरना शुरू कर दिया। छात्रों ने हॉस्टल में सुरक्षा व्यवस्था और देर रात हुई चेकिंग को लेकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। छात्र-छात्राएं प्राचार्य कार्यालय के बाहर बैठकर नारेबाजी करते रहे।

छात्रों का आरोप है कि देर रात सुरक्षा गार्डों ने हॉस्टल में चेकिंग की। इस दौरान गर्ल्स हॉस्टल में पुरुष सुरक्षा गार्डों के प्रवेश को लेकर छात्राओं ने आपत्ति जताई। छात्राओं का आरोप है कि चेकिंग के दौरान उनके वीडियो भी बनाए गए। वहीं, हॉस्टल के कमरों में रखे इंडक्शन चूल्हों को जब्त किए जाने और कुछ चूल्हे क्षतिग्रस्त किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। मामले से नाराज 2021 बैच के छात्र-छात्राओं के साथ जूनियर डॉक्टर भी धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी की और पूरे मामले में उनकी बात सुने जाने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की।

छात्रों का कहना है कि हॉस्टल में छात्राओं की निजता और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। देर शाम तक छात्र प्राचार्य कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे रहे। मामले को लेकर कॉलेज परिसर में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर कॉलेज प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 200

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *