फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र के कौशल्या नगर में उस समय हड़कंप मच गया, जब घर से खेलने के लिए निकले दो मासूम बच्चे अचानक लापता हो गए। लापता बच्चों की पहचान रिहान और गार्गी, दोनों की उम्र करीब 4 वर्ष के रूप में हुई। बच्चों के लापता होने की सूचना मिलते ही थाना उत्तर पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने बच्चों की तलाश में अलग-अलग रास्तों और संभावित स्थानों पर सर्च अभियान चलाया। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने दोनों बच्चों को उनके घर से करीब 5 किलोमीटर दूर सकुशल बरामद कर लिया। बच्चों के सकुशल मिलने की खबर से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया। मामले में सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह के साथ थाना उत्तर पुलिस की तत्परता और सक्रियता से दोनों मासूमों को सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाया गया।








