-आरोपी से लूटे गए आभूषण, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, तमंचा और बाइक बरामद
फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर क्षेत्र में अकेली रह रही विधवा महिला की हत्या कर लूटपाट करने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया। एसओजी, सर्विलांस और मक्खनपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना में शामिल तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना मक्खनपुर में दर्ज हत्या व लूट के मुकदमे के दो वांछित आरोपी खाटू श्याम मंदिर के पास हाईवे किनारे किसी वारदात की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर दोनों आरोपी बाइक से भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरा देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों के पैर में गोली लग गई
। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्की पुत्र संजय निवासी ट्रांस यमुना, आगरा तथा आकाश उर्फ हनुमान पुत्र धर्मेंद्र कुमार उर्फ पप्पू निवासी सदर बाजार, मक्खनपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अपने तीसरे साथी मोहित की संलिप्तता भी स्वीकार की है, जो अभी फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतका के दो सोने के कंगन, दो अंगूठियां, दो तमंचे, दो कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एचएफ डीलक्स बाइक, मृतका का आधार कार्ड तथा एसबीआई का एटीएम कार्ड बरामद किया है। पुलिस अब फरार तीसरे आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।








