फिरोजाबाद। एनएमओपीएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के आह्वान पर पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर एकजुटता का संदेश दिया। जिसका उद्देश्य सरकार का ध्यान पुरानी पेंशन योजना की पुनः बहाली की ओर आकर्षित करना था।
संगठन के मंडल अध्यक्ष आगरा डॉ राघवेन्द्र सिंह ने कहा कि एक सरकारी कर्मचारी अपना पूरा जीवन देश और समाज के निर्माण में समर्पित कर देता है। सरकार को पुरानी पेंशन बहाल करनी चाहिए। जिला अध्यक्ष अटेवा धर्मेन्द्र कुमार कृष्णज ने कहा कि पुरानी पेंशन कर्मचारियों का अधिकार है और जब तक इसे बहाल नहीं किया जाता, तब तक यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। जिला महामंत्री डॉ सहदेव सिंह चौहान ने कहा सरकार को कर्मचारियों के भविष्य को देखते हुए पुरानी पेंशन जल्द से जल्द बहाल कर देनी चाहिए। कर्मचारी महासंघ के जिला अध्यक्ष प्रेम प्रकाश कुशवाहा ने कहा पेंशन कर्मचारियों के बुढ़ापे की लाठी है, इसे अवश्य बहाल किया जाना चाहिए।
संयुक्त परिषद के अध्यक्ष सुभाष यादव ने कहा दो दिन का विधायक पुरानी पेंशन लेता है, लेकिन कर्मचारियों को पेंशन नहीं दी जाती, यह कहां का न्याय है। राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के नेतृत्व में देशभर में चल रहा यह अभियान अब एक जन-आंदोलन का रूप ले चुका है। कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से अपनी मांगों को बुलंद किया। इस दौरान गौरी शंकर बिंद, जयकुमार सिंह, विकास यादव, शिवम उपाध्याय, चंदन यादव, अवधेश यादव, यतेंद्र यादव, कमल यादव, डॉ वीएन सिंह, संजय सिंह, शैलेंद्र सिंह, करतार सिंह, सुभाष यादव, धर्वेन्द्र सिंह, राधेश्याम यादव, मिथिलेश गोला, गीता गोलस, सारिका जैन आदि मौजूद रहे।








