फिरोजाबाद।: श्रावणी महोत्सव में गूंजीं ब्रज की मल्हारें, लोकगीतों से सजी सांस्कृतिक संध्या

फिरोजाबाद। सांस्कृतिक धरोहर फाउंडेशन के तत्वावधान में सावन माह के पावन अवसर पर श्रावणी महोत्सव का आयोजन माही डांसरसाइज एकेडमी, जलेसर रोड, पर किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ब्रज की पारंपरिक मल्हारों एवं लोकगीतों को संरक्षित करते हुए नई पीढ़ी तक पहुंचाना और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाना रहा।

महोत्सव का शुभारंभ सांस्कृतिक धरोहर फाउंडेशन की सचिव एवं कार्यक्रम संयोजिका स्नेहलता शर्मा ने सरस्वती वंदना के साथ किया। मुख्य अतिथि तरुणा सिंह एवं कार्यक्रम अध्यक्ष डी.के. सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। डांसरसाइज एकेडमी की आरती ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद एकेडमी की सात वर्षीय बाल कलाकार राधिका शर्मा ने हारमोनियम पर मिश्री से मीठा नाम, हमारी राधा रानी का भजन प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

इसके बाद शिकोहाबाद से आई नेहा, वर्षा, रौनक, प्रगति, माधुरी चतुर्वेदी, मानवी किशोरी, माही शर्मा एवं आरती ने ब्रज के लोकगीतों और सावन की पारंपरिक मल्हारों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों एवं दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया और पूरा वातावरण ब्रज संस्कृति एवं लोक संगीत की मधुर स्वर लहरियों से गूंज उठा। सचिव स्नेहलता शर्मा ने भगवान शिव को समर्पित भजन प्रस्तुत किया। इसके उपरांत फाउंडेशन की उपाध्यक्ष वंदना सिंह ने मुख्य अतिथि तरुणा सिंह एवं कार्यक्रम अध्यक्ष डी.के. सिंह के साथ महोत्सव में प्रस्तुति देने वाले सभी कलाकारों को पटका पहनाकर एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि तरुणा सिंह ने कहा कि सांस्कृतिक धरोहर फाउंडेशन द्वारा इस प्रकार के आयोजन कर लुप्त होती लोक संस्कृति को संरक्षित करने के साथ-साथ उसे आगे बढ़ाने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। संचालन युवा कवि कृष्ण कुमार यादव ने किया।

 

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 270

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *