-सीने में दर्द के बाद बिगड़ी थी तबीयत, जेल प्रशासन ने जिला अस्पताल में कराया भर्ती
फिरोजाबाद। जिला कारागार में निरुद्ध 45 वर्षीय बंदी मुहम्मद हसन की मंगलवार देर शाम अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। सीने में दर्द की शिकायत होने पर जेल प्रशासन ने उसे तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मुहम्मद हसन मूल रूप से एटा जिले के जलेसर क्षेत्र का निवासी था। बताया गया है कि वह दहेज अधिनियम के मामले में दोषी करार दिए जाने के बाद 10 वर्ष के कारावास की सजा काट रहा था। मंगलवार शाम अचानक उसके सीने में दर्द उठा और हालत बिगड़ गई। जेल प्रशासन ने बिना देरी किए उसे एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।
उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बंदी की मौत की सूचना पर जेल प्रशासन ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।






