-गौवंशों के छोटे-छोटे बच्चों को बारिश में भीगते देख जताई नाराजगी, केयरटेकर को लगाई फटकार
फिरोजाबाद। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अपर जिलाधिकारी न्यायिक अरविंद द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडे के साथ ककरऊ कोटी स्थित कान्हा गौशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गौवंशों के रख-रखाव, खानपान और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी ली। गौवंशों के छोटे-छोटे बच्चों को बारिश में भीगते देख, डीएम ने नाराजगी व्यक्त की और वहां पर संबंधित केयरटेकर और सेनेटरी इंस्पेक्टर को कड़ी फटकार लगाई।
उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में गौवंश के छोटे बच्चे बाहर भीगते हुए नहीं मिलने चाहिए, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारी एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोरतम दंडात्मक कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने मौके पर उपस्थित चिकित्सकों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी घायल व बीमार गौवंशों का तत्काल प्रभाव से बेहतर चिकित्सीय इलाज सुनिश्चित किया जाए।






