फिरोजाबाद। गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में फिरोजाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एसएसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन में सर्विलांस सेल और जनपद पुलिस की संयुक्त टीम ने सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए 151 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 31 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने बरामद मोबाइल फोन उनके संबंधित आवेदकों के सुपुर्द कर दिए। सर्विलांस सेल ने सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज शिकायतों को आधार बनाकर जनपद के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों के साथ समन्वय स्थापित किया। इसके बाद अलग-अलग कंपनियों के गुम मोबाइलों को ट्रेस कर बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार फिरोजाबाद जनपद में अब तक सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से कुल 1,898 गुम मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इन मोबाइलों को विभिन्न जनपदों और राज्यों की पुलिस के सहयोग से बरामद कर उनके आवेदकों को सौंपा गया है। मोबाइल वापस मिलने पर आवेदकों ने पुलिस टीम का आभार जताया।








