फिरोजाबाद। संस्कार भारती ब्रजप्रांत के निर्देशन में वर्ष 2026-27 के लिए जिला इकाई का गठन किया गया। जनपद के प्रमुख शिक्षाविद, समाजसेवी एवं संगीतकार डॉ. मयंक भटनागर को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं प्रो. डॉ. अजिर बिहारी चौबे महामंत्री और रोहित सिकरवार को कोषाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। लेबर कॉलोनी स्थित शिलमणि शर्मा के आवास पर स्वर्गीय मान सिंह शर्मा की 11वीं पुण्यतिथि के अवसर पर दायित्व ग्रहण एवं सम्मान समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन और श्रद्धांजलि के साथ हुआ। प्रांतीय मंत्री शिवकांत पलिया और कार्यकारिणी सदस्य धर्मेंद्र कुमार सिंह ने डॉ. मयंक भटनागर को पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई। इसके बाद नवनियुक्त जिला अध्यक्ष ने अपनी कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। डॉ. मयंक भटनागर ने कहा कि वह संगठन के उद्देश्यों के प्रति पूरी निष्ठा से कार्य करते हुए तहसील और ब्लॉक स्तर तक संगठन का विस्तार करेंगे।








