-चोरो ने गल्ले से साढ़े आठ लाख रू. किये पार, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
फिरोजाबाद। थाना दक्षिण से महज 25 मीटर की दूरी स्थित परचून की दुकान को चोरों ने निशाना बनाकर पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। चोर दुकान से करीब साढ़े आठ लाख रुपये की नकदी से भरी गुल्लक चोरी कर ले गए। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में मुंह ढक एक चोर गुल्लक को उठाकर ले जाते हुए दिखाई दे रहा है।
थाना दक्षिण क्षेत्र के पास सोनू गुप्ता की परचून की दुकान है। दुकान की गुल्लक में करीब साढ़े आठ से नौ लाख रुपये की नकदी रखी हुई थी। चोरों ने दुकान में घुसकर गुल्लक को अपना निशाना बनाया और नकदी समेत उसे ले जाने का प्रयास किया। सीसीटीवी फुटेज में मुंह ढके एक चोर ने गुल्लक को उठाकर बोरी में डालने की कोशिश की। गुल्लक भारी होने के कारण जब वह उसे नहीं उठा सका तो उसने उसे छत पर मौजूद अपने साथी को सौंप दिया। इसके बाद चोर नकदी से भरी गुल्लक लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद दुकानदार को चोरी की जानकारी हुई तो उसने पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना दक्षिण पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाली।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान दुकानदार के नौकर समेत तीन लोगों को शक के आधार पर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की पहचान करने में जुटी है। व्यापारियों का कहना है कि यदि थाने के इतने नजदीक दुकान सुरक्षित नहीं हैं, तो अन्य बाजारों में सुरक्षा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने पुलिस से चोरी की घटना का जल्द खुलासा करते हुए नकदी बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। संदिग्धों से पूछताछ के साथ-साथ अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।








