-40 मिनट तक चली जांच में अधिकारी रहे हलकान
फिरोजाबाद। शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक मेंटेनेंस कैंपिंग कोच में 12 सितंबर को लगी आग की घटना के छह दिन बाद शुक्रवार को प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) रजनीश अग्रवाल शिकोहाबाद पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर जले हुए कोच का बारीकी से निरीक्षण किया और आग लगने के कारणों के संबंध में अधीनस्थ अधिकारियों से जानकारी ली।
आग की घटना में ट्रैक मेंटेनेंस कैंपिंग कोच पूरी तरह जलकर राख हो गया था। घटना के दौरान कोच में रखा गैस सिलिंडर फट गया था, जिसकी चपेट में आकर वहां मौजूद राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों ने मामले की जांच के लिए चार सदस्यीय जांच समिति गठित की थी। समिति के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर काफी देर तक जले हुए कोच का निरीक्षण कर आग लगने के संभावित कारणों की जांच की थी। शुक्रवार को डीआरएम प्रयागराज रजनीश अग्रवाल परख स्पेशल सैलून से शिकोहाबाद पहुंचे।
स्टेशन पर पहुंचने के बाद वह रेलवे अधिकारियों के साथ जले हुए कैंपिंग कोच के पास पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोच में लगी आग की घटना के संबंध में अधिकारियों से जानकारी ली। इसके बाद डीआरएम ने अन्य ट्रैक मेंटेनेंस कोचों के अंदर जाकर वहां रखी ट्रैक मेंटेनेंस मशीनों और उपकरणों को भी देखा। करीब आधे घंटे तक निरीक्षण करने के बाद डीआरएम परख स्पेशल सैलून से मैनपुरी के लिए रवाना हो गए।







