-सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
फिरोजाबाद। थाना नगला खंगर क्षेत्र के गांव नगला कडुआ में शनिवार को एक महिला ने ससुराल में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतका के भाई सुभाष ने बताया कि उसके छोटे भाई के फोन पर बहन रिंकी देवी पत्नी संतोष कुमार के फांसी लगाने की सूचना दी गई थी। परिजनों के अनुसार, महिला का सास-ससुर से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद उसने फांसी लगा ली। हालांकि, महिला के आत्महत्या करने के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। बताया गया कि महिला की शादी करीब 11 वर्ष पूर्व हुई थी। उसका पति नोएडा स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। घटना के समय पति नोएडा में था।
सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिजनों से घटना की जानकारी ली है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर पुलिस ससुराल और मायके पक्ष के लोगों से पूछताछ कर रही है।







