फिरोजाबाद: रंगमंच पर जीवंत होगी पीएम मोदी की 25 साल की सेवा यात्रा

-‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ नाट्य मंचन के जरिए दिखेंगे सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रसंग

फिरोजाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, समर्पण और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ विशेष नाट्य मंचन आयोजित किए जाएंगे। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन की यात्रा को रंगमंच पर जीवंत किया जाएगा।

भाजपा महानगर अध्यक्ष डॉ सतीश दिवाकर ने पत्रकार वार्ता के दौरान बताया कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश की सेवा तक की यात्रा को संवाद, अभिनय, संगीत और प्रभावशाली नाट्य मंचन के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इसमें जनकल्याण, सुशासन, सेवा, समर्पण, अंत्योदय और राष्ट्र निर्माण से जुड़े प्रसंगों को केंद्र में रखा गया है। नाटक को सरल, संवेदनशील और संगीतमय स्वरूप दिया गया है, ताकि सेवा यात्रा और जनकल्याण से जुड़े संदेश को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाया जा सके। कुशल कलाकार अभिनय और संवादों के जरिए प्रेरक प्रसंगों को मंच पर साकार करेंगे।

जिसमें सेवा, समर्पण, अत्योदय और राष्ट्रनिर्माण की भावना दिखाई देगी। यह अभियान हर विधानसभा में चलाया जायेगा। महानगर में 28 सितम्बर से लेकर 17 अक्टूबर तक अभियान चलाया जायेगा। कला और रंगमंच के माध्यम से प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। वार्ता के दौरान केशवदेव शंखवार, प्रमोद बघेल, रामनरेश कटारा, देवेश भारद्वाज, योगेंद्र यादव, दीपक गुप्ता कालू, अंकित तिवारी, अनुपम शर्मा, दुर्गेश यादव, शालू गुप्ता, सौरभ शिवहरे, देशदीपक राजा, प्राचीर सेठ, हरीबाबू दिवाकर, लायक सिंह शंखवार, सुरेंद्र राजपूत, सत्यवीर गुर्जर आदि मौजूद रहे।

 

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 532

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *