-तेज धमाके के साथ घरों के मीटर जले, बिजली उपकरण फुंके; मकान का लिंटर चटका
फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र के शांति नगर आसफाबाद में रविवार दोपहर हाईटेंशन लाइन में आई खराबी से बड़ा हादसा हो गया। हाईटेंशन लाइन का तार घरेलू विद्युत लाइन के संपर्क में आने से तेज धमाका हुआ और करीब 50 घरों में अचानक करंट दौड़ गया। वोल्टेज बढ़ने से कई घरों के मीटर और विद्युत उपकरण फुंक गए। एक मकान में आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के चार बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12ः30 बजे अचानक तेज धमाके की आवाज हुई। इसके बाद मोहल्ले के घरों में करंट दौड़ गया। नारायण सिंह के घर के मीटर में आग लग गई और देखते ही देखते आग फैल गई। उस समय छत पर मौजूद नारायण सिंह के परिवार के चार बच्चे संजना (17), नीतू (13), राजन (7) और ऋषभ (8) करंट की चपेट में आकर झुलस गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बच्चों को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। हादसे में घरों में रखे टीवी, पंखे समेत अन्य विद्युत उपकरण भी फुंक गए। वहीं, पीछे बने महेश के मकान का लिंटर चटक गया और उसका मीटर भी जल गया। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक शांतिनगर में मकानों के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। लोगों का कहना है कि टावर वाली करीब 2.20 लाख वोल्ट की लाइन मकानों के ऊपर से निकली हुई है। हादसे के बाद बिजली विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बिजली विभाग से हादसे के कारण की जानकारी मांगी गई है। हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद स्पष्ट होगी। घटना के बाद मोहल्ले में लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं जानकारी होने पर नगर विधायक मनीष असीजा मौके पर पहुंचे लोगों से घटना की जानकारी ली। इससे पूर्व उन्होंने ट्रामा सेंटर में पहुंचकर बच्चों का हाल-चाल जाना।








