-राष्ट्रीय युवा वाहिनी नेशनल वालंटियर भाजपा गौ प्रकोष्ठ ने गांधी पार्क में दिया धरना
फिरोजाबाद। राष्ट्रीय युवा वाहिनी नेशनल वालंटियर भाजपा गौ प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित हृदेश शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यूजीसी रेगुलेशन एक्ट के विरोध एवं आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर गांधी पार्क में धरना देकर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा है।
पंडित हृदेश शर्मा ने राष्ट्रपति के नाम सौंपे ज्ञापन में कहा कि यूजीसी रेगुलेशन एक्ट 2026 के कारण सवर्ण समाज के छात्र-छात्राओं के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने इस एक्ट को समाप्त करने की मांग उठाई। साथ ही सवर्ण आयोग के गठन की मांग करते हुए कहा कि देश में अनुसूचित जाति आयोग एवं पिछड़ा आयोग के गठन के बाद सवर्ण समाज के हितों के लिए भी सवर्ण आयोग का गठन किया जाना चाहिए। संगठन ने आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए कहा कि आरक्षण का लाभ उन परिवारों को नहीं मिलना चाहिए, जिनके सदस्य विधायक, सांसद, मंत्री, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, प्रोफेसर अथवा डॉक्टर जैसे उच्च पदों पर कार्यरत हैं।
ज्ञापन में आरक्षण का आधार जाति के बजाय आर्थिक स्थिति को बनाए जाने की मांग की गई। साथ ही कहा कि कॉलेज परिसरों में जातिवाद बढ़ने से छात्रों के बीच विभाजन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। संगठन ने शिक्षा को समाज को जोड़ने वाला माध्यम बताते हुए यूजीसी रेगुलेशंसन 2025 को वापस लेने तथा सभी के लिए न्यायपूर्ण एवं संतुलित नियम बनाए जाने की मांग की। ज्ञापन के दौरान संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। ज्ञापन देने वाालों में विपिन गर्ग एडवोकेट, हिमांशु गर्ग एड, राहुल गर्ग, विपिन गुप्ता, अमित शर्मा, रवि राठौर, आशीष दीक्षित आदि मौजूद रहे।








