फिरोजाबाद। उ.प्र. ठेका सफाई कर्मचारी महासंघ का एक प्रतिनिधि मंडल नगर आयुक्त प्रशांत नागर से मिला और ठेका कर्मचारियों को शासनादेश के अनुसार 433 रू प्रतिदिन के हिसाब से वेतन देने की मांग की है। ठेका सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार वाल्मीकि ने नगर आयुक्त को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि शासनादेश के अनुसार ठेका कर्मचारियो को 433 रूपये प्रतिदिन के हिसाब से वेतन दिया जाए। नगर आयुक्त ने संघ के पदाधिकारियों से बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखने की बात कही। जिस पर संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यह शासनादेश बोर्ड मीटिंग में भेजने के लिए नहीं है आप इसे बिना बोर्ड मीटिंग के लागू कर सकते हैं। इस पर नगर आयुक्त ने सहमति प्रदान करते हुए अगस्त माह से वेतन वृद्धि का लाभ कर्मचारियों को देने का आश्वासन दिया है। ज्ञापन देने वालों में विकास चंद्र वाल्मीकि, अनिकेत वाल्मीकि, निगम वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।








