फिरोजाबाद: जनपद में 18.88 लाख से अधिक लोगों के बने आभा खाते

-एबीडीएम सम्मेलन में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने पर जोर
– 379 सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों का पंजीकरण पूरा

फिरोजाबाद। जनपद में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आमजन को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (एबीडीएम) का जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें सरकारी एवं निजी स्वास्थ्य संस्थानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी, सुलभ एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।

सीएमओ डॉ रामबदन राम ने बताया कि जनपद में अब तक 18.88 लाख से अधिक नागरिकों के आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) बनाए जा चुके हैं। इसके माध्यम से लोग अपने स्वास्थ्य संबंधी अभिलेख डिजिटल रूप में सुरक्षित रख सकते हैं और आवश्यकता पड़ने पर अधिकृत स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं के साथ साझा कर सकते हैं। जनपद की सभी 379 सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों का हेल्थ फैसिलिटी रजिस्ट्री (एचएफआर) पर पंजीकरण पूरा हो चुका है। वहीं 10.25 लाख से अधिक डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड आभा खातों से लिंक किए जा चुके हैं।

प्रदेश मुख्यालय से आए एबीडीएम के एचएमआईएस एक्सपर्ट राहुल त्रिपाठी तथा डिवीजनल कोऑर्डिनेटर जितेंद्र कुमार वर्मा ने मिशन की गतिविधियों, तकनीकी प्रक्रियाओं और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के क्रियान्वयन की जानकारी दी। सम्मेलन में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, नगर आयुक्त प्रशांत नागर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. योगेश गोयल सीएमएस डॉ नवीन जैन सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, निजी चिकित्सालयों के प्रतिनिधि और आईएमए के पदाधिकारी मौजूद रहे।

-स्कैन एंड रजिस्टर सुविधा से 91 हजार मरीजों को लाभ
सीएमओ ने बताया कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में संचालित स्कैन एंड रजिस्टर सुविधा से लगभग 91 हजार मरीज लाभान्वित हो चुके हैं। इससे अस्पतालों में पंजीकरण प्रक्रिया आसान हुई है। इसके अलावा जनपद की 10 से अधिक प्रमुख स्वास्थ्य इकाइयों में जांच रिपोर्ट एसएमएस और व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराने की सुविधा भी संचालित है। उन्होंने निजी अस्पतालों, नर्सिंग होम, क्लीनिकों और चिकित्सकों से एचएफआर तथा हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स रजिस्ट्री (एचपीआर) में पंजीकरण कराने की अपील की। साथ ही बताया कि निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले पात्र स्वास्थ्य संस्थान डिजिटल हेल्थ इंसेंटिव स्कीम के तहत प्रोत्साहन राशि का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

 

ravikumar
ravikumar
Articles: 64

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *