छह अक्टूबर को कोटला चुंगी में हुई थी फायरिंग, आगरा के पुष्पांजलि हॉस्पिटल में चल रहा था उपचार
फिरोजाबाद। शहर के कोटला चुंगी क्षेत्र में पत्नी और युवक को गोली मारने के मामले में घायल सनी ठाकुर की गुरुवार को मौत हो गई। वह आगरा के पुष्पांजलि हॉस्पिटल में भर्ती था, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। छह अक्टूबर को हुई इस घटना में सनी के साथ ऋषभ उर्फ बंटी की पत्नी शिप्रा तैलंग भी गोली लगने से घायल हुई थी।
जानकारी के अनुसार, कोटला चुंगी चौराहे के पास एक इंटरनेट कैफे में शिप्रा और सनी मौजूद थे। इसी दौरान शिप्रा का पति ऋषभ उर्फ बंटी वहां पहुंच गया। आरोप है कि दोनों को साथ देखकर उसने लाइसेंसी रिवॉल्वर से फायरिंग कर दी। गोली लगने से शिप्रा और सनी गंभीर रूप से घायल हो गए थे।घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया था। पुलिस ने आरोपी ऋषभ उर्फ बंटी को गिरफ्तार कर लिया था।घटनास्थल से वारदात में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर और कारतूस भी बरामद किए गए थे।सनी की मौत के बाद मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस की ओर से मौत के बाद की गई कानूनी कार्रवाई और मुकदमे में धाराओं में बदलाव के संबंध में आधिकारिक पुष्टि की प्रतीक्षा है।





