फिरोजाबाद। विकास भवन सभागार में मंगलवार को आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में टेली-लॉ योजना, डिजिटल सेवाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। एडीएम वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल ने जनगणना की स्व-गणना में सही जानकारी भरने की अपील की।
टेली-लॉ के राज्य समन्वयक वागीश सिंह ने बताया कि जनसेवा केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को निःशुल्क कानूनी परामर्श उपलब्ध कराया जाता है। घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, भरण-पोषण, पारिवारिक विवाद और संपत्ति संबंधी मामलों में लोग पैनल अधिवक्ताओं से फोन या वीडियो कॉल के जरिए सलाह ले सकते हैं। इसके लिए जनसेवा केंद्र, टेली-लॉ मोबाइल ऐप या हेल्पलाइन नंबर 14454 का उपयोग किया जा सकता है।
जिला प्रबंधक संतोष कुमार ने सीएससी सेवाओं की जानकारी देते हुए वीएलई की समस्याओं का समाधान किया। जिला ई-गवर्नेंस प्रबंधक दीपांशु सिंह ने डिजिटल सेवाओं के प्रचार पर जोर दिया। वहीं, शिवा कपूर ने बिजली विभाग की योजनाओं और उपभोक्ता सुविधाओं की जानकारी दी।






