-पुलिस ने 2550 ग्राम गांजे के साथ आटो भी किया बरामद
-गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर भेजा जेल
शिकोहाबाद। थाना पुलिस ने सोमवार की रात भूड़ा नहर पुल से स्टेशन रोड की तरफ नहर पटरी पर करीब 50 मीटर आगे एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 1580 ग्राम तथा उसके साथी महिला के कब्जे से 970 ग्राम गांजा बरामद किया। इस दौरान पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त आटो भी बरामद किया है। पकड़े गये दोनों लोगों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा है।
इंस्पेक्टर अनुज कुमार ने बताया कि सोमवार की रात थाना पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी उन्हें सूचना मिली की भूड़ा नहर पुल से स्टेशन रोड की तरफ नहर पटरी पर 50 मीटर आगे कुछ लोग एक आटो में बैठे हैं। वह गांजा की तस्करी करने जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में एक ने अपना नाम समीर निवासी हिन्दू नगर गिहार कॉलोनी थाना कोतवाली एटा बताया। जबकि उसके साथी महिला ने अपना नाम सीता निवासी तहसील तिराहा गिहार कॉलोनी शिकोहाबाद बताया।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनकी तलाशी ली। इस पर समीर के पास से 1580 ग्राम और सीता के पास से 970 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इस दौरान पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त होने वाले आटो को भी कब्जे में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ में आरोपित समीर ने बताया कि वह इटावा से गांजा लाकर शिकोहाबाद में सीता को बेचता है। महिला समीर से गांजा खरीदकर शिकोहाबाद में आपूर्ति करती है और मोटी कमाई करती है। पुलिस ने इस मामले में दोनों आरोपितों के विरुद्द एनडीपीएस एक्ट में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा है।






