-आईवी इंटरनेशनल स्कूल में क्रिकेट टूर्नामेंट का हुआ शुभारम्भ
फिरोजाबाद। आईवी इंटरनेशनल स्कूल में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में आईवी टाइटंस ने आईवी चौलेंजर्स को 49 रन से हराया, जबकि दूसरे मुकाबले में आईवी पैंथर्स ने आईवी रॉयल्स को आठ विकेट से पराजित किया।
क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप सिंह उर्फ छोटू ने फीता काटकर और खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. नंदिनी यादव ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में आईवी टाइटंस के कप्तान अमन यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में सात विकेट पर 128 रन बनाए।
अमन यादव ने 34 गेंदों में 10 छक्कों की मदद से 94 रन की तूफानी पारी खेली। चौलेंजर्स की ओर से आयुष पाल ने तीन और वैभव यादव ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईवी चौलेंजर्स की टीम आठ विकेट पर 79 रन ही बना सकी। वैभव यादव ने 32 और शिवा यादव ने 10 रन बनाए। टाइटंस की ओर से प्रियांशी राजपूत ने तीन, जबकि पार्थ गुर्जर और मनु यादव ने दो-दो विकेट हासिल किए। शानदार प्रदर्शन के लिए अमन यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में आईवी रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में सभी विकेट खोकर 92 रन बनाए। आदित्य सिंह ने पांच छक्कों की मदद से 40 और प्रांजल यादव ने 15 रन बनाए। पैंथर्स की ओर से ऋषभ यादव ने छह और दक्ष वर्मा ने दो विकेट हासिल किए। जवाब में आईवी पैंथर्स ने महज छह ओवर में दो विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। शानदार बल्लेबाजी के लिए योगेश गुर्जर को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। मैच में अंपायर की भूमिका अंशुल उपाध्याय और अभिनव शर्मा ने निभाई, जबकि रितिक यादव स्कोरर रहे।








