फिरोजाबाद: दीपावली पर मिलावटखोरी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग का अभियान, 11 नमूने भरे

-टूंडला और शिकोहाबाद में हुई छापामार कार्रवाई

फिरोजाबाद। दीपावली के त्योहार पर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में बुधवार को विभागीय टीमों ने टूंडला और शिकोहाबाद में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर दूध, खोया, मिठाई सहित कुल 11 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने टूंडला में फिरोजाबाद रोड स्थित मार्ट से बेसन के लड्डू, सोनपापड़ी और गुड़ के तीन नमूने लिए। वहीं लोहा मंडी चौराहा स्थित बाबा डेयरी से दूध का एक नमूना संग्रहित किया गया। इसी तरह शिकोहाबाद के कोटला रोड स्थित श्रीराम डेयरी से खोया का नमूना लिया गया। गदैया मोहल्ला स्थित फारुख के मिठाई कारखाने का निरीक्षण कर कटी मूंगफली, हल्दी पाउडर और सोनपापड़ी के तीन नमूने संग्रहित किए गए। इसके अलावा एटा चौराहा स्थित मोहन डेयरी एंड स्वीट्स से खोया, दूध और बूंदी के तीन नमूने लिए गए।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार संग्रहित किए गए सभी 11 नमूनों को गुणवत्ता एवं शुद्धता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

 

ravikumar
ravikumar
Articles: 130

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *