-अवैध पटाखा भंडारण पर होगी सख्त कार्रवाई
फिरोजाबाद। आगामी त्योहारों धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और छठ पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे की उपस्थिति में आयोजित बैठक में धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने त्योहारों पर आपसी प्रेम, भाईचारा और शांति बनाए रखने का संकल्प लिया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान साफ-सफाई, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। दीपावली की रात आतिशबाजी के बाद सड़कों पर फैलने वाले कचरे की सफाई के लिए अगले दिन सुबह प्रमुख मार्गों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा।
एसएसपी ने कहा कि अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार छापेमारी कर सख्त कार्रवाई की जा रही है। लाइसेंस धारकों को भी निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। बाजारों और पुराने संकरे मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए पुलिस एवं नगर निगम की संयुक्त टीमें सक्रिय रहेंगी। अतिक्रमण और वाहनों के अनावश्यक दबाव पर भी निगरानी रखी जाएगी। बैठक में धर्मगुरुओं ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा अफवाहों को फैलने से रोकने का भरोसा दिलाया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य, सीएमओ डॉ. राम बदन राम, नगर आयुक्त प्रशांत नागर, सिटी मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पाण्डेय सहित सभी एसडीएम, सीओ एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








