फिरोजाबाद: जननी सुरक्षा योजना के भुगतान में जनपद प्रदेश में पाया प्रथम स्थान

-89.26 प्रतिशत लाभार्थियों को मिला योजना का लाभ
-16,652 संस्थागत प्रसव के सापेक्ष 14,863 महिलाओं का हुआ भुगतान

फिरोजाबाद। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में जनपद ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) में लाभार्थियों को प्रोत्साहन राशि के भुगतान की प्रगति के आधार पर फिरोजाबाद ने प्रदेश के सभी 75 जनपदों में पहला स्थान प्राप्त किया है। जनपद में 89.26 प्रतिशत लाभार्थियों को योजना की धनराशि का भुगतान किया जा चुका है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने डॉ रामबदन राम ने बताया कि एक अप्रैल से पांच नवंबर 2026 तक जनपद में कुल 16,652 संस्थागत प्रसव दर्ज किए गए। इनमें 15,081 लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया, जबकि 14,863 महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना की प्रोत्साहन धनराशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। इस उपलब्धि के साथ फिरोजाबाद प्रदेश में पहले स्थान पर है। वहीं 88.39 प्रतिशत भुगतान के साथ अम्बेडकर नगर दूसरे तथा 86.95 प्रतिशत के साथ मैनपुरी तीसरे स्थान पर रहा। उन्होंने बताया कि जननी सुरक्षा योजना का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को अस्पतालों में प्रसव के लिए प्रोत्साहित करना और सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने का प्रयास किया जा रहा है।

जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों, जिला महिला चिकित्सालय एवं संयुक्त चिकित्सालयों में लाभार्थियों के पंजीकरण, सत्यापन और भुगतान की नियमित निगरानी की जा रही है। जनपद की सात चिकित्सा इकाइयों में 95 प्रतिशत से अधिक भुगतान किया गया है। वहीं नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हजीपुरा, कौशल्या नगर, सैलई एवं संत नगर सहित कई इकाइयों में शत-प्रतिशत भुगतान की उपलब्धि हासिल की गई है। सीएमओ ने इस उपलब्धि पर चिकित्सा अधीक्षकों, प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों, चिकित्सकों, स्टाफ नर्सों, एएनएम, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधकों, लेखाकारों, आशा कार्यकर्ताओं तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।

ravikumar
ravikumar
Articles: 140

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *