फिरोजाबाद। दीपावली के त्योहार पर नगरीय क्षेत्र में निर्बाध पेयजलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए गुरुवार को 120 एमएलडी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट एवं नंदपुर रॉ वाटर इंटेक का स्थलीय निरीक्षण किया गया। इस दौरान जल की उपलब्धता, जल शोधन प्रक्रिया और पेयजल के क्लोरीनेशन की व्यवस्था का जायजा लिया गया।
नगर आयुक्त प्रशांत नागर ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि दीपावली से पूर्व नंदपुर रॉ वाटर इंटेक पर पर्याप्त मात्रा में कच्चे जल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में शोधन के बाद नगरीय क्षेत्र में पर्याप्त पेयजलापूर्ति कराई जाए, जिससे त्योहार के दौरान किसी भी क्षेत्र में पानी की समस्या उत्पन्न न हो।
संबंधित अधिकारियों को स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा पेयजलापूर्ति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के समय जलकल विभाग के अधिशासी अभियंता सतीश कुमार, सहायक अभियंता रंजीत कुमार तथा उत्तर प्रदेश जल निगम के सहायक अभियंता अशोक कुमार गौतम मौजूद रहे।







