-दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में दबोचे गए थे, घटना से इलाके में आक्रोश
फिरोजाबाद। थाना खैरगढ़ क्षेत्र के गांव दरिगापुर में तोरई के खेत में बेहोशी की हालत में मिली किशोरी आखिरकार जिंदगी की जंग हार गई। आगरा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान किशोरी की मौत हो गई। किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद से ही इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इनमें दो आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
एक नवंबर को गांव दरिगापुर में किशोरी तोरई के खेत में बेहोशी की हालत में पड़ी मिली थी। खेत में किशोरी के बेहोश पड़े होने की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही थाना खैरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। किशोरी की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर आगरा पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था। तमाम प्रयासों के बावजूद किशोरी की जान नहीं बचाई जा सकी।
किशोरी के साथ हुई दरिंदगी की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। विवेचना के दौरान तीन आरोपियों के नाम प्रकाश में आए। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। दो नवंबर को थाना खैरगढ़ पुलिस और अन्य टीमों की कार्रवाई के दौरान दो आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किए गए थे। इसके बाद तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। तीनों आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।
-कई पुलिस टीमों ने मिलकर की थी कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे के पर्यवेक्षण में थाना खैरगढ़ पुलिस, थाना मक्खनपुर पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की थी। पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस की ओर से मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।







