फिरोजाबाद: जिलाधिकारी ने अधिकारियों संग फावड़ा उठाकर किया श्रमदान

फिरोजाबाद। स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण के लिए शनिवार को जिलाधिकारी ने कॉलोनी में अधिकारियों के साथ स्वयं फावड़ा उठाकर सफाई अभियान चलाकर श्रमदान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर वातावरण बनाने में प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों के संग मंदिर के समीप स्थित जागरण पंडाल तथा बारातघर के आसपास स्वयं फावड़ा चलाकर सफाई की। अधिकारियों को सफाई करते देख कॉलोनीवासियों में भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचा। जिलाधिकारी ने पैदल चलकर पूरी कॉलोनी का निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कॉलोनी सहित सार्वजनिक स्थानों पर सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाए।

उन्होंने नगर निगम एवं नगर पंचायत से संबंधित अधिकारियों को जगह-जगह पर्याप्त संख्या में कूड़ेदान रखवाने के निर्देश दिए, ताकि लोग कूड़ा इधर-उधर फेंकने के बजाय कूड़ेदान में ही डालें। साथ ही कूड़ेदानों को प्रतिदिन खाली कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने कॉलोनीवासियों से संवाद करते हुए कहा कि स्वच्छता को किसी एक अभियान या कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखना चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को अपने आसपास के वातावरण की नियमित रूप से सफाई करने की आदत विकसित करनी होगी।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुंदर वातावरण बनाने में प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की सहभागिता बेहद जरूरी है। स्वच्छता अभियान में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे मोहनलाल गुप्ता, नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय सहित उप जिलाधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों ने भी श्रमदान किया।

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 132

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *