-1.79 लाख रुपये और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद, 150 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद मिली सफलता
फिरोजाबाद। सिरसागंज थाना क्षेत्र में तीन माह पूर्व हुई 10 लाख रुपये की लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई रकम में से 1,79,500 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। तीसरे आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
सिरसागंज पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल को सराय शेख गांव निवासी बंटी कुमार इटावा रोड स्थित गणेश ट्रेडर्स बीज भंडार से 10 लाख रुपये लेकर बैंक ऑफ बड़ौदा में जमा करने जा रहा था। वह जैसे ही अध्यापक नगर के पास पहुंचा, पीछे से बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बंटी सड़क पर गिर गया। इसके बाद बदमाशों ने तमंचा तानकर रुपये से भरा बैग छीन लिया और बाइक से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई 10 लाख रुपये की लूट की घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने आसपास लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन शुरुआती दौर में बदमाशों का कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने घटना में शामिल सुनील और मुकेश सैनी को गिरफ्तार किया। पूछताछ और रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर लूट की रकम में से 1,79,500 रुपये तथा वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।








