फिरोजाबाद। पी.के. इंटर कॉलेज में हरियाली तीज कार्यक्रम रंगारंग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों ने तिरंगा हाथ में लेकर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और भारतीय संस्कृति का सुंदर संदेश दिया। मुख्य अतिथि डॉ. अनुपम शर्मा ने विद्यार्थियों को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय त्योहार हमारी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी संस्कृति से जोड़ने के साथ-साथ उनमें एकता, अनुशासन, सामाजिक समरसता और देशभक्ति की भावना विकसित करते हैं। डायरेक्टर जगदीश कुमार जिंदल ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ.काव्या जिंदल ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। विद्यालय परिसर में हरियाली तीज के साथ देशभक्ति और सांस्कृतिक एकता का अनूठा संगम देखने को मिला।








