फिरोजाबाद: यातायात पुलिस ने 834 वाहनों के काटे चालान

-ओवरस्पीड, क्षमता से अधिक सवारी और स्टंट करने वालों पर हुई कार्रवाई

फिरोजाबाद। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस ने बुधवार को विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 834 वाहनों के चालान किया।

अभियान के दौरान ऑटो और ई-रिक्शा सहित अन्य वाहनों को चेक किया गया। पुलिस ने क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर चलने वाले ऑटो, साउंड स्पीकर लगाकर संचालित होने वाले ई-रिक्शा, ओवरस्पीड वाहन चालकों तथा स्टंट और तेज गति से बाइक चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। इसमें ऑटो और ई-रिक्शा के 52, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर 41, साउंड स्पीकर लगाकर ई-रिक्शा चलाने पर 38, ओवरस्पीड के 153 तथा स्टंट और तेज गति से बाइक चलाने पर छह चालान किए गए। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 544 वाहन चालकों के चालान किए गए।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया। पुलिस ने अपील की कि निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाएं। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। ऑटो एवं ई-रिक्शा में निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारियां बैठाएं। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है। सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

ravikumar
ravikumar
Articles: 164

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *