फिरोजाबाद। श्रीमद्भागवत कथा के दौरान प्रणवपुरी महाराज ने भगवान शिव और माता सती के प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन करते हुए कहा कि जहां विरोध हो, वहां कभी नहीं जाना चाहिए। जब माता सती ने अपने पिता दक्ष प्रजापति के यज्ञ में जाने की इच्छा भगवान शंकर के सामने रखी तो भोलेनाथ ने उन्हें समझाया कि अपने स्वजन यदि विरोधी बन जाएं तो उनका व्यवहार अधिक कष्ट पहुंचाता है। ऐसे लोगों से भेंट करने से बचना चाहिए, क्योंकि शस्त्रु का घाव कुछ समय बाद भर जाता है, लेकिन कटु वचनों से मिला घाव कभी नहीं भरता।
फिरोजाबाद क्लब में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में महाकालेश्वर पीठाधीश्वर उज्जैन प्रणवपुरी महाराज ने कहा कि भगवान शिव की बात न मानकर माता सती अपने पिता के यज्ञ में पहुंच गईं। वहां भगवान शिव का भाग न रखे जाने और उनका अपमान होने पर माता सती अत्यंत दुखी और क्रोधित हुईं। उन्होंने दक्ष सहित उपस्थित लोगों को फटकार लगाई और योग अग्नि में अपने शरीर का त्याग कर दिया। इसके बाद माता सती ने हिमालय के घर माता पार्वती के रूप में पुनर्जन्म लिया और भगवान शंकर से उनका पुनः विवाह हुआ।

ध्रुव चरित्र का वर्णन करते हुए कहा कि समाज उगते हुए सूर्य को नमस्कार करता है। जब बालक ध्रुव को उनकी सौतेली माता सुरुचि ने अपमानित कर भगा दिया। तक ध्रुव ने भगवान की तपस्या कर फल प्राप्त किया। प्रजा, सेना और माता सुरुचि भी राजा उत्तानपाद के साथ ध्रुव के स्वागत के लिए पहुंचीं। इस प्रसंग से सीख मिलती है कि सफलता और सामर्थ्य प्राप्त होने पर दुनिया का व्यवहार भी बदल जाता है। श्रद्धालुओं को प्रभु भक्ति, सत्कर्म तथा सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई।








