फिरोजाबाद: नगर निगम द्वारा अतिक्रमण हटाने के दौरान बवाल, दुकानदार का सिर फूटा

-एसडीएम पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, दुकानदारों का समझा बुझाकर कराया शांत

फिरोजाबाद। नगर निगम द्वारा रसूलपुर से नालबंद तक चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान जमकर बवाल हो गया। कार्रवाई का विरोध कर रहे दुकानदारों और नगर निगम की टीम के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अचानक जेसीबी चलाकर दुकानों के टीन आदि तोड़े गए, जिसमें एक दुकानदार आकाश गुप्ता के सिर में चोट लग गई। घायल के सिर में दो टांके आए हैं। घटना के दौरान कई अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान दुकानदारों ने नगर निगम की टीम पर मनमाने तरीके से कार्रवाई करने का आरोप लगाया। भाजपा पार्षद अजय गुप्ता ने कहा कि अतिक्रमण के नाम पर दुकानदारों का बेवजह नुकसान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट सिटी के नाम पर कार्रवाई की जा रही है, लेकिन दुकानदारों को पर्याप्त जानकारी और मौका दिए बिना जेसीबी चला दी गई। पार्षद के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान दुकानदार आकाश गुप्ता और सतेंद्र सहित अन्य लोगों ने विरोध किया। इसी दौरान जेसीबी से टीन तोड़े जाने के दौरान आकाश गुप्ता के सिर में चोट लग गई। घायल को उपचार के लिए ले जाया गया, जहां सिर में दो टांके आए।

विवाद की सूचना पर एसडीएम भी पुलिस और प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने मौके की स्थिति संभालने का प्रयास किया। कार्रवाई को लेकर दुकानदारों में आक्रोश बना रहा। पार्षद ने नगर आयुक्त से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उन्होंने फोन नहीं उठाया। निगम की कार्रवाई को लेकर क्षेत्र में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। दुकानदारों ने कार्रवाई के तरीके पर सवाल उठाते हुए नुकसान की भरपाई और पूरे मामले की जांच की मांग की है। नगर आयुक्त प्रशांत नागर का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Ravi Kumar
Ravi Kumar
Articles: 171

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *