-थाना लाइनपार पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से दबोचे आरोपी, वारदात में प्रयुक्त कार बरामद
फिरोजाबाद। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना लाइनपार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक अवैध तमंचा, कारतूस, कुल्हाड़ी, डंडा, बेसबॉल बैट और वारदात में प्रयुक्त ऑल्टो कार बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार थाना लाइनपार में दर्ज मुकदमा संख्या 274/2026, धारा 191(2), 191(3), 190, 333, 352 और 109 बीएनएस में वांछित संदीप पुत्र राजकुमार निवासी नगला झाल थाना जसराना, हाल निवासी शिकोहाबाद तथा सनी पुत्र यदुवंश सिंह उर्फ पप्पू निवासी वासुदेवपुर थाना लाइनपार को आरआर रिसोर्ट से करीब 100 मीटर आगे से गिरफ्तार किया गया। वहीं इसी मुकदमे में प्रकाश में आए आनंद पुत्र प्रमोद कुमार और विमल पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी नसूपुर संजेती को ढोलपुरा पुल के पास से पुलिस ने गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, चार जिंदा कारतूस 315 बोर, एक अतिरिक्त कारतूस, एक कुल्हाड़ी, एक डंडा, एक बेसबॉल बैट और ऑल्टो कार संख्या यूपी 83 वाई 4476 बरामद की गई। पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई को थाना लाइनपार के थानाध्यक्ष रमित कुमार आर्य के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विवेक चौहान, उपनिरीक्षक रामप्रकाश, आरक्षी मोहित कुमार, कुलदीप शर्मा और दिलीप शामिल रहे।








