फिरोजाबाद: पर्ल्स निवेशकों के भुगतान की लड़ाई में देशभर के संगठन एकजुट

फिरोजाबाद। पर्ल्स निवेशकों की जमा धनराशि ब्याज सहित वापस दिलाने की मांग को लेकर देशभर के निवेशक संगठन एकजुट होने लगे हैं। इसी क्रम में दिल्ली में विभिन्न निवेशक संगठनों के प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भुगतान में हो रही देरी, सेबी की ई-नीलामी प्रक्रिया और निवेशकों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संयुक्त संघर्ष की रणनीति तैयार की गई।

वक्ताओं ने कहा कि दो फरवरी 2016 को सुप्रीम कोर्ट द्वारा आर.एम. लोढ़ा कमेटी गठित किए जाने के करीब दस वर्ष बाद भी निवेशकों को उनकी जमा धनराशि का 10 प्रतिशत तक भुगतान नहीं हो सका है। पर्ल्स इन्वेस्टर वेलफेयर ट्रस्ट के प्रधान मनदीप काजला ने सेबी अधिकारियों के खिलाफ साक्ष्यों सहित आर.एम. लोढ़ा कमेटी और सीबीआई को शिकायत दिए जाने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा उठाया। वहीं संपत्तियों की ई-नीलामी में कथित अनियमितताओं और कम कीमतों पर संपत्तियां बेचे जाने के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई।

इसके साथ ही निवेशकों के भुगतान से संबंधित साक्ष्य जनहितैषी सांसदों को सौंपकर संसद में इस मुद्दे को उठाने की मांग की जाएगी। अमित गर्ग एडवोकेट ने कहा कि पर्ल्स निवेशकों की यह लड़ाई किसी एक संगठन की नहीं, बल्कि देश के लाखों निवेशक परिवारों के अधिकारों की लड़ाई है। सभी संगठनों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। बैठक में पृथ्वी राज यादव (एआईएसओ), मनदीप काजला, रवि शंकर गौतम, रामदेव गौतम, गणेश खांडवे, विजय थिटे, हर्षद चक्रवर्ती, विकास त्रिपाठी, सुरेश जांगड़ा सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

ravikumar
ravikumar
Articles: 201

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *