फिरोजाबाद। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के नेतृत्व में रविवार को चलाए गए अभियान के दौरान कुल 741 वाहनों के चालान कर जुर्माना अधिरोपित किया गया।
अभियान के तहत ऑटो, ई-रिक्शा एवं अन्य वाहनों की जांच करते हुए ओवरस्पीड, क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, ई-रिक्शा में साउंड स्पीकर लगाकर संचालन करने तथा तेज गति से बाइक चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक भी किया।
यातायात पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान ऑटो एवं ई-रिक्शा के विरुद्ध 42 चालान किए गए, जबकि क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर चलने वाले ऑटो के 38 और साउंड स्पीकर लगाकर संचालित किए जा रहे ई-रिक्शा के 55 चालान किए गए। इसके अलावा ओवरस्पीड वाहन चलाने वालों के 53 तथा स्टंट एवं तेज गति से बाइक चलाने वालों के चार चालान किए गए। अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 549 वाहन चालकों के विरुद्ध भी चालान की कार्रवाई की गई। इस प्रकार कुल 741 वाहनों के चालान किए गए।








