फिरोजाबाद: चोरी के कैन्टर को काटकर स्क्रैप बनाने वाला आरोपी एटा से गिरफ्तार

-कैन्टर के 36 बॉडी स्क्रैप और गैस कटर बरामद, आरोपी पर हरियाणा में भी दर्ज हैं चोरी के मुकदमे

फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ पुलिस ने चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को एटा से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया कैन्टर, उसके 36 पीस बॉडी स्क्रैप तथा बॉडी काटने में प्रयुक्त गैस कटर बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान नीरज पुत्र हरिशंकर निवासी न्यू रेवाड़ी मोहल्ला, थाना कोतवाली नगर, जनपद एटा के रूप में हुई है। वह वर्तमान में मानपुर बाईपास, थाना कोतवाली देहात, एटा में रह रहा था।

एसएसपी आदित्य लांग्हे के निर्देशन में चोरी की घटनाओं के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रामगढ़ पुलिस टीम को यह सफलता मिली। पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर को मोहम्मद तारिक निवासी मदीना कॉलोनी ने थाने में तहरीर दी थी कि उनके चचेरे भाई अकरम का कैन्टर (यूपी 80 बीटी 4887) जाटवपुरी चौराहे के पास सर्विस रोड पर खड़ा था, जिसे अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। इस संबंध में थाना रामगढ़ में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने एटा के मानपुर बाईपास स्थित गोदाम परिसर में दबिश देकर आरोपी नीरज को गिरफ्तार कर लिया। मौके से चोरी किया गया कैन्टर बरामद हुआ, जिसकी बॉडी काट दी गई थी और नंबर प्लेट भी गायब थी।

इसके अलावा 36 पीस बॉडी स्क्रैप और एक गैस कटर भी बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2), 317(4) और 317(5) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके विरुद्ध हरियाणा के पंचकूला जनपद के सेक्टर-20 और चंडी मंदिर थानों में भी चोरी सहित अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। थाना रामगढ़ पुलिस आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार दुबे, एंटी थेप्ट टीम प्रभारी उपनिरीक्षक राजीव कुमार, उपनिरीक्षक आदित्य चौधरी, रोहित तोमर, कांस्टेबल रौकी तोमर, शुभम तेवतिया तथा सर्विलांस सेल के कांस्टेबल गोपाल शामिल रहे।

 

ravikumar
ravikumar
Articles: 210

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *